गाजीपुर। सावन में 13 जुलाई से चार अगस्त तक प्रत्येक रविवार और सोमवार को जिले में रूट डायवर्जन रहेगा। इसके लिए जगह-जगह बैरियर भी लगा दिए गए हैैं। एसपी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक रूट डायवर्जन दोपहर 12 बजे से सोमवार को शाम छह बजे तक होगा।
हालांकि इस व्यवस्था से आकस्मिक वाहन जैसे एंबुलेंस मरीज वाहन, स्कूली वाहन व फायर टेंडर को अलग रखा गया है। वह अपने ही रास्ते से जाएंगे। वहीं, जनपद में किसी भी स्थान पर क्रेन की आवश्यकता पड़ने पर 9415555515 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
तय रूट के मुताबिक शहर में भूतहियाताड़ (सैनिक चौराहा) से जाने वाले यात्री वाहन, रोडवेज, प्राइवेट, हल्के वाहन लंका तिराहे तक जा सकेंगे। मुहम्मदाबाद की तरफ से आने वाले हल्के वाहन आलमपट्टी चौराहा, जमानिया बस स्टैंड तिराहा, खिदिरपुर गांव, पुराना आरटीओ ऑफिस तिराहा से बदीचंद्र पोखरा की ओर मोड़ दिया जाएगा। मुहम्मदाबाद की तरफ से जाने वाले भारी भार वाहन को थाना नोनहरा अटवां मोड़ से कासिमाबाद की तरफ मोड़ा/रोका जाएगा। रोडवेज की गाड़ियां जो गाजीपुर डिपो से चलेंगी, वे स्टेशन मार्ग होते हुए फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग से दाहिने जाकर बद्रीचंद्र पोखरा, मिरनपुर शक्का से होकर शहर से बाहर हाईवे पर चली जाएंगी।
रोडवेज की बसें जो वाराणसी की तरफ से आएंगी वे महराजगंज से नहीं आएंगी बल्कि चौकियां ओवरब्रिज, मीरनपुर शक्का, बद्रीचन्द्री चंद्र पोखरा, फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग से होते हुए गाजीपुर डिपो जाएगी। लंका प्राइवेट बस स्टैण्ड की गाडियां लंका तिराहे से विशेश्वरगंज की तरफ नहीं जाएगी, बल्कि भुतहियाताड़ से जाएंगे। मुहम्मदाबाद अथवा शहर से हल्के वाहन हमीद सेतु की तरफ जाएंगे। भारी भारी वाहन नहीं जाएंगे। सुहवल जमानिया की तरफ से भारी भार वाहन हमीद सेतु को तरफ नहीं जाएंगे। जनपद मऊ से बढुवा गोदाम थाना सरायलखन्सी से भारी भार वाहनों को जनपद गाजीपुर में नहीं आने दिया जाएगा, बल्कि उन्हें आजमगढ़ मार्ग पर डायवर्ट करा दिया जाएगा।
आजमगढ़, मऊ से चिरैयाकोट होते हुए वाराणसी जाने वाले वाहनों को जलालाबाद तिराहे से अमारी गेट, सिखड़ी चौराहा, हंसराजपुर मोड़ होत हुए शादियाबाद की तरफ मोड़ा जाएगा जो शादियाबाद, सैदपुर बिहारीगंज, डगरा से चंदवक जौनपुर के रास्ते वाराणसी जाएंगे।
यदि कोई वाहन बिरनो होते हुए गाजीपुर की तरफ आ जाता है तो उसे यादव मोड़ जंगीपुर पर बैरियर लगाकर नसीरपुर की तरफ मोड़ा जाएगा, जो भुतहियाटाड़ पर आ जाएगा। जौनपुर से आने वाले भारी भारी वाहनों को डहराकला पर रोका जाएगा, जो वाहन उसके बाद भी निकल कर आ जाएंगे तो उन्हें औड़िहार तिराहे पर रोका जाएगा। सैदपुर थाने के सामने बैरियर लगा है। किसी वाहन को रविवार को शाम चार बजे से सोमवार को अग्रिम आदेश तक वाराणसी की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा।