गाजीपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह का जिले में कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों सड़कों पर बिना हेलमेट और तीन सवारी बाइकें फर्राटा भरते हुए नजर आ रही है। अधिकांश लोग तो हेलमेट में दिखाई दे रहे हैं, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की कई सड़कों पर मौजूद गड्ढे भी लोगों के जीवन के लिए खतरा बने हुए है।
बीते 22 जून से सड़क सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत हुई है। इसके तहत यातायात पुलिस के साथ ही परिवहन लोगों को यातायात प्रति विभिन्न तरीकों से जागरूक कर रहा है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए, इसके लिए लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए यह अपील कर रहा है कि बिना हेलमेट के बाइक न चलाए, लेकिन इस जागरूकता का कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर तमाम लोग बिना हेलमेट के बाइक दौड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही नियम की अनदेखी करते हुए तीन सवारी भी फर्राटा भर रहे हैं। लोग तो अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट लगा रहे हैं, लेकिन कई सड़कें लोगों की जान के लिए खतरा बनी हुई है। गाजीपुर-मुहम्मदाबाद, गाजीपुर-मऊ, गाजीपुर-करंडा, गाजीपुर-वाराणसी मार्ग सहित जिले की अन्य कई मार्गों पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढा मौजूद है। इससे इन मार्गों पर आएदिन दुर्घटनाएं होती है। सिर पर हेलमेट होने पर भी गंभीर रूप से घायल होने से मौतें होती रहती है। कुल मिलाकर जिले में सड़क सुरक्षा सप्ताह का वह असर नहीं दिख रहा है, जो दिखना चाहिए।