संवाद न्यूज एजेंसी
मिर्जापुर/विंध्याचल। श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए विंध्याचल में 10 फीट चौड़े पुराने रास्तों को 60 फीट तक चौड़ा कर भव्य विंध्य कॉरिडोर बनाया गया। लेकिन दुकानदारों की मनमानी से बीच सड़क पर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। बची हुई जगह पर ठेले और रेहड़ी वालों का कब्जा है। इसके कारण 60 फीट का मार्ग सिकुड़कर 10 फीट का रह गया है।
प्रशासन की ओर से पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर गलियों को चौड़ा किया गया, बैठने के लिए पत्थर की कुर्सियां लगाई गईं। वाहनों के लिए जगह-जगह पार्किंग बनाई गई। इसके बावजूद विंध्य कॉरिडोर का मार्ग अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की चपेट में हैं। न्यू-वीआईपी और पुरानी वीआईपी मार्ग पर बेहतरतीब वाहनों का जमावड़ा है। कोतवाली मार्ग दोपहिया वाहनों का स्टैंड बन गया है। नतीजा यह है कि जिस रास्ते को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चौड़ा किया गया, उसी पर उन्हें चलने में परेशानी हो रही है।
शुक्रवार को विंध्य कॉरिडोर की पड़ताल में कई खामियां सामने आईं। पुरानी वीआईपी मार्ग पर जगह-जगह चार पहिया वाहन खड़े मिले। पुलिस कर्मियों की तैनाती के बावजूद वाहन कॉरिडोर में प्रवेश कर मंदिर के मुख्य द्वार तक पहुंच रहे हैं।
बाहर दर्जनों पार्किंग होने के बाद भी मार्ग पर वाहनों का खड़ा होना व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रहा है। न्यू-वीआईपी और कोतवाली मार्ग पर भी दोपहिया वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े मिले। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
यही नहीं, कॉरिडोर मार्ग पर ठेलों पर जूस, फल और अन्य सामान बेचने वाले जगह-जगह दुकान लगा रहे हैं। दुकानदारों की ओर से दुकानों के सामने प्लास्टिक और तिरपाल टांगने से रास्ते की चौड़ाई और कम हो गई है। कॉरिडोर में जगह-जगह छुट्टा पशु घूमते नजर आ रहे हैं।
श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बनाए गए पत्थर के बेंच और आकर्षण के लिए लगाए गए खंभे भी क्षतिग्रस्त मिले। इनकी मरम्मत और देखरेख की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे कॉरिडोर की व्यवस्था व रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सफाई के दावों के बीच सड़कों पर कूड़े का ढेर: कॉरिडोर के विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह कूड़े का ढेर दिखा।
नियमित सफाई नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्र में व्यवस्था दुरुस्त रहती है, लेकिन पर्व समाप्त होने के बाद सफाई और निगरानी में ढिलाई बरती जाने लगती है। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
कोतवाली मार्ग पर दुकानदार अपने सामने लगाएं प्लास्टिक और मार्ग पर खड़ी बाईक, संवाद- फोटो : Self