जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने महिला अस्पताल पहुंच कर जानी ड्राई रन की हकीकत।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में कोविड वैक्सीन टीका कब से लगेगा, इसको लेकर अब कोई समय निर्धारित तो नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार कोविड वैक्सीन टीकाकरण को लेकर पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। टीकाकरण के दूसरे चरण का पूर्वाभ्यास सोमवार को जिले के 19 स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर 30-30 लोगों को टीका लगाने का अभ्यास स्वास्थ्यकर्मियों ने किया।
मरदह प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सरफराज आलम एवं नोडल अधिकारी जिला वेक्टर वार्ड डिजीज कंसलटेंट अंकिता त्रिपाठी की निगरानी में कोविड-19 वैक्सीनेशन के अंतर्गत ड्राई रन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। टीकाकरण के दौरान मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी अमरजीत पाल और शेषनाथ गुप्ता के द्वारा मास्क और सैनिटाइजर का उपयोग कराने के बाद ही रजिस्ट्रेशन टेबल पर लोगों को भेजा गया। जहां उनके पैन कार्ड या बैंक पासबुक का मोबाइल पर सत्यापन कराने के बाद ही उचित दूरी बनाते हुए प्रतीक्षालय में बैठने को कहा गया। इसके बाद सभी लोगों को बारी-बारी से टीकाकरण कक्ष में भेजकर उनका वैक्सीनेशन का अभ्यास किया गया। इसके बाद ऑब्जरवेशन रूम में 30 मिनट नियमानुसार बैठाने के बाद ही बाहर जाने की अनुमति गई। देवकली संवाददाता के अनुसार पीएचसी पर कोविड-19 ड्राई रन का पूर्वाभ्यास प्रभारी डॉ. एसके सरोज के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. एस के सरोज ने बताया ड्राई रन के तहत पहले चरण में स्वास्थय कर्मी व आंगनबाड़ी दूसरे चरण में पुलिस कर्मी व सफाईकर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्साधिकारी केके वर्मा आदि मौजूद रहे। इसी तरह जिला अस्पताल में सीएमओ डा. जीसी मौर्या, जिला महिला अस्पताल में सीएमएस डा. तारकेश्वर, भदौरा व मनिहारी में डा. डीपी सिन्हा व बाराचवर में डा. उमेश कुमार की निगरानी में सफलता पूर्वक ड्राई रन का दूसरा चरण संपन्न कराया गया।