सैदपुर (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के शियावां स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में शुक्रवार को द्वितीय पाली में इंटर मीडिएट की भौतिक विज्ञान की परीक्षा में पांच सॉल्वर पकड़े गए, जबकि एक सॉल्वर चाहरदीवारी फांदकर भाग गया। ये सभी दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात सॉल्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्टेटिक मजिस्ट्रेट जितेंद्र कन्नौजिया ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचना मिली थी कि आदर्श इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर सॉल्वर परीक्षा दे रहे हैं। सूचना के आधार पर केंद्र के सभी कक्षों की सघन जांच कराई गई। केंद्र व्यवस्थापक हरिनारायण यादव ने बताया कि प्रवेश पत्र का मिलान किया गया और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई। दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे पांच सॉल्वर पकड़े गए, लेकिन एक सॉल्वर दीवार फांदकर भाग गया। पांचों सॉल्वरों को पुलिस हिरासत में सैदपुर कोतवाली लाया गया। हरिनारायण यादव ने बताया कि प्रवेश पत्र मिलान और बायोमेट्रिक उपस्थिति के दौरान फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान हुई। उनकी उत्तर पुस्तिकाएं कब्जे में लेकर साॅल्वरों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
कोतवाल वीरेंद्र प्रताप त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए सभी फर्जी परीक्षार्थी नाबालिग हैं। उनकी आयु संबंधी प्रमाण-पत्रों की जांच की जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पांच नामजद और एक अज्ञात फर्जी परीक्षार्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
व्हाट्सएप पर आई एक फोटो और खुल गया सॉल्वर गैंग का राज
गाजीपुर। शुक्रवार की सुबह एक अंजान नंबर से आया फोन कॉल और व्हाट्सएप पर भेजी गई एक तस्वीर ने आदर्श इंटर कॉलेज, शियावां के परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मचा दिया। सूचना थी कि इंटर भौतिक विज्ञान की परीक्षा में एक परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर बैठा है। एक साधारण सी व्हाट्सएप सूचना ने परीक्षा केंद्र पर चल रही सॉल्वरबाजी की परतें खोल दीं। अब पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे प्रकरण की गहराई से जांच में जुटे हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह को मिली इस सूचना के बाद शिक्षा विभाग का तंत्र तुरंत सक्रिय हो गया। डीआईओएस ने केंद्राध्यक्ष हरिनारायण यादव को संदिग्ध छात्र की फोटो भेजते हुए सभी परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र मिलान और बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
आंतरिक सचल दल ने जब जांच शुरू की तो जिस छात्र की फोटो भेजी गई थी, वह आंतरिक जांच में सही पाया गया। इससे एक पल के लिए मामला शांत होता दिखा, लेकिन बायोमेट्रिक और गहन मिलान के दौरान पांच अन्य सॉल्वर पकड़े गए। इसी बीच जांच की भनक लगते ही एक सॉल्वर मौका देखकर कक्षा से निकलकर स्कूल की चाहरदीवारी फांदकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सैदपुर थाने की पुलिस टीम और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंच गए। स्टेटिक मजिस्ट्रेट जितेंद्र कनौजिया ने बताया कि सुबह मिले फोन कॉल के आधार पर की गई सघन जांच में कुल छह सॉल्वर चिन्हित हुए, जिनमें से पांच को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि एक फरार हो गया।
दूसरे जिले से भी जुड़ाव
पकड़े गए पांच सॉल्वरों में एक वाराणसी जिले के चोलापुर क्षेत्र का निवासी है, जबकि शेष गाजीपुर जिले के बताए जा रहे हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।