गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होगा। इसके लिए जिले में इस बार 5 मूल्यांकन केंद्र बनाए जाएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा जिले में 18 फरवरी से शुरु हुई थी। इसमें इस बार एक लाख 37 हजार 456 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इसमें हाईस्कूल के 66498 तथा इंटर के 70958 छात्र-छात्राएं हैं।
इनके लिए 196 केंद्र बनाए गए हैं। 12 मार्च को परीक्षा खत्म होने के बाद 19 मार्च से कापियों के मूल्यांकन का कार्य शुरु हो जाएगा। जिले में इस बार पांच केंद्रों पर मूल्यांकन का कार्य होगा।
जानकारी के अनुसार इसमें राजकीय सिटी इंटर काॅलेज, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, शिवपूजन इंटर काॅलेज, अष्ट शहीद इंटर काॅलेज तथा शहीद स्मारक इंटर काॅलेज शामिल हैं। परीक्षकों को पहले मॉडल काॅपियां दिखाई जाएंगी और उन्हें कॉपी जांचने की प्रक्रिया भी बताई जाएगी।
मूल्यांकन कार्य में गड़बड़ी न हो इसके लिए उप प्रधान परीक्षक की तरफ से रोज़ दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन किया जाएगा। कंट्रोल रूम से ही मूल्यांकन कक्ष की भी निगरानी की जाएगी। डीआईओएस प्रकाश सिंह ने बताया कि परिषद के दिशा-निर्देश के तहत मूल्यांकन का कार्य संपन्न कराया जाएगा।