दिलदारनगर में रेलवे ट्रैक के किनारे लगा बकरी मेला। संवाद
दिलदारनगर। लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद रविवार को स्थानीय गांव के सामने ताड़ीघाट- दिलदारनगर रेलवे ट्रैक के किनारे बकरी मेला लगा। जबकि जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने बीते 29 अप्रैल को मेले का लाइसेंस निरस्त कर दिया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सेवराई तहसीलदार सुनील कुमार ने तत्काल मेले को बंद कराया। साथ ही चेताया कि अगर बिना लाइसेंस के मेला लगा तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ प्राथमिकी भी दर्ज होगी।
सुबह से ही दिलदारनगर गांव के सामने रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ बकरी मेला शुरू हो गया। वहां खरीदारों की भीड़ उमड़ी हुई थी। इधर, गांव के ग्रामीणों ने मेला का लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद भी मेला लगने की जानकारी पुलिस को दी गई। जानकारी पर पुलिस टीम सुबह आठ बजे मौके पर पहुंची, लेकिन मेला बंद नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना सेवराई एसडीएम को दी।
एसडीएम के निर्देश पर सेवराई तहसीलदार सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और आयोजक से मेला संचालन का लाइसेंस मांगा। आयोजक द्वारा दिए गया लाइसेंस मिलने पर जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि जब लाइसेंस निरस्त है तो मेला क्योें लगाया गया है। उन्होंने तत्काल मेले को बंद करा दिया। सेवराई तहसीलदार सुनील कुमार ने बताया कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ बकरी मेला की सूचना मिली। इस पर पहुंचकर मेला बंद करा दिया गया है। साथ ही आयोजक को चेताया गया है कि अगर बिना लाइसेंस अथवा बिना आदेश के मेला का संचालन होता है तो संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई होगी।