पंडित दीनदयाल उपाध्याय दानापुर रेल खंड के उसिया रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की देर शाम पैर फिसलने के कारण ट्रेन की चपेट में आने से एक 45 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। एक 45 वर्षीय महिला कबाड़ बीनने का काम करती थी। कबाड़ बीनने के बाद वह उसिया के पोल संख्या 693/8 के पास डाउन लाइन पर ईएमयू सवारी गाड़ी पकड़ने के लिए जा रही थी। तभी पैर फिसलने के कारण वह ट्रेन के नीचे आ गई और कटकर मौत हो गई। दिलदारनगर थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
बाइक सवार युवक घायल
रेवतीपुर। जमानिया कोतवाली के खिदिरपुर मथारे निवासी शशिकांत अपनी बहन सावित्री देवी को लेकर बाइक से घर जा रहा था। स्थानीय थाना क्षेत्र के पकड़ी चट्टी के पास अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे टहल रहे युवकों से जा टकराई। हादसे में शशिकांत गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।