सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर स्थित विद्युत उपकेंद्र करहिया मोड़ के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार मारूति वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में वैन में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पर ले गई, जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बिहार प्रांत के इतिम्हा कर्मभान नासरीगंज निवासी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता अपने परिवार के साथ जिला मुख्यालय किसी काम से जा रहे थे। ताड़ीघाट-बारा मार्ग स्थित विद्युत उपकेंद्र करहिया मोड़ के पास मारूति वैन पहुंची थी कि अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा पलट गई। जिसमें राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, मुकेश पांडेय, कांति देवी, विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कामाख्या पुलिस चौकी के सिपाहियों ने सभी को मारूति वैन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से भदौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने ससुर और बहू की स्थिति नाजुक होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लोगों में चर्चा है कि आए दिन मोड़ के पास इस तरह की घटना होती रहती है।