गाजीपुर। शहर कोतवाली बीकापुर गांव के पास बुधवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर फर्नीचर की दुकान में घुस गया। हादसे में घाट बनवा रहे एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि दुकान के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को मेडिकल काॅलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के साथ ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। नगर से सटे गोड़ा निवासी लक्ष्मी शर्मा की बीकापुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास फर्नीचर की दुकान है। यहां आदर्श बाजार निवासी उमेश विश्वकर्मा, अंधऊ निवासी रमेश विश्वकर्मा, कमलेश विश्वकर्मा, मीरनापुर के देवेंद्र पाल, महराजगंज के अरविंद कुमार कार्य कर रहे थे। शाम में बीकापुर निवासी झम्मन यादव (65) खाट बनाने के लिए दुकान पर गए हुए थे। दुकान पर मौजूद कर्मचारियों द्वारा उनकी खाट बनाने के साथ अन्य कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली दुकान में घुस गई। चपेट में आने से झम्मन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कर्मचारी उमेश, रेमश, कमलेश, देवेंद्र पाल और अरविंद गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे धर- दबोचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दी। जहां घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। इस संबंध में सीओ सिटी गौरव कुमार ने बताया कि दुकान में ट्रैक्टर-ट्राली घुसने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का उपचार चल रहा है।
0000000
रेल कर्मियों ने यात्री को पीटा
गाजीपुर। शहर के सिटी रेलवे स्टेशन पर टिकट काउंटर पर टिकट कटवा रहे यात्री और रेल कर्मी में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि रेल कर्मियों ने यात्री को पकड़कर मारना-पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुटी हुई है। संवाद