मरदह। थाना क्षेत्र के कछुहरा बरही पेट्रोल पंप के पास वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन मार्ग पर बुधवार की रात छुट्टा पशु से टकराकर बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मऊ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव निवासी आनंद कुमार चाचा नारायण के साथ गाजीपुर शहर में शादी का कार्ड बांटने गए थे। देर रात दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। कछुहरा बरही पेट्रोल पंप के पास वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर अचानक छुट्टा पशु आ गया। पहले एक अज्ञात वाहन पशु से टकराया, जिससे पशु उछलकर दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पशु से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देख मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।