उम्मीद परिवार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छ आंगन अभियान के तहत युवाओं के
प्रयास से शहर के झुन्नूलाल स्थित कलेक्टर घाट की सूरत बदल गई है। कुछ
दिनों पहले तक गंदगी से पटा यह घाट युवाओं के प्रयास से अब जिले का खूबसूरत
घाट हो गया है। युवाओं ने न सिर्फ घाट की सफाई की, बल्कि घाट के करीब गंगा
नदी को भी स्वच्छ बनाने में एक बड़ा योगदान दिया।
पिछले कई वर्षों से
पर्यावरण के क्षेत्र में भरपूर सहयोग देते आ रहे उम्मीद परिवार की ओर से यह
अभियान चलाया गया। उम्मीद संस्था की तरफ से 2 मई की शाम 6 बजे कलेक्टरघाट
पर भव्य गंगा आरती एवं कार्यकर्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है।
इसके मुख्य अतिथि केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा एवं विशिष्ट अतिथि
नगरपालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, पूर्व विधायक अलका राय तथा डा. संतोष
कुमार मिश्र होंगे। इस अवसर पर कलाकारों की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी
प्रस्तुत किया जाएगा। रेल राज्यमंत्री की तरफ से स्वच्छता अभियान में
सहयोग देने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान
लोगों को गंगा को स्वच्छ रखने के संबंध में संकल्प भी दिलाया जाएगा।