मरदह। दुर्खुर्शी गांव में बृहस्पतिवार की रात बरात में द्वारपूजा के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। फायरिंग के आरोप में दूल्हे के भाई और भारतीय सेना में हवलदार मनोज कुमार राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी .12 बोर की बंदूक कब्जे में ले ली। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि मरदह थाना क्षेत्र के दुर्खुर्शी गांव में बरात के दौरान हर्ष फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वाले सेना के हवलदार को हिरासत में ले लिया। उसकी लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली गई है।
दोनों घायल युवकों की स्थिति सामान्य है। अभियोग पंजीकृत कर शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के अनुसार, दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के मुड़सरी गांव निवासी अमित कुमार की शादी दुर्खुर्शी गांव निवासी रामकुंवर राम की बेटी प्रियंका से हो रही थी। बरात में दूल्हे के भाई मनोज कुमार राम (40) ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक से रात करीब 11:45 बजे द्वारपूजा के दौरान फायरिंग कर दी। बंदूक से निकले छर्रे लगने से जंगीपुर थाना क्षेत्र के देवकठिया निवासी सौरभ राम (20) और धुरेहरा निवासी टिंकू राम (18) घायल हो गए।
सौरभ की कमर और टिंकू के हाथ में छर्रे लगे हैं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल, मऊ भेजा गया, जहां से उन्हें वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक मरदह अनिल कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी जा रही है। हालांकि घटना के बावजूद अमित और प्रियंका की शादी रात में ही सकुशल संपन्न हो गई।
बरात में हर्ष फायरिंग की खबर में.... फोटो-15-नीले कंबल में घायल टिंकू उर्फ सन्नी -स्रोत-पाठक