खानपुर। थाना क्षेत्र के अमेहता गांव के पास बृहस्पतिवार की देर शाम कोचिंग पढ़कर घर वापस जा रही छात्रा से लुटेरों ने मोबाइल एवं दो हजार रुपये लूट लिए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
अमेहता गांव निवासी प्रीति यादव देर शाम सिधौना बाजार से कोचिंग पढ़कर जैसे ही गांव पहुंची। पीछे से बाइक सवार तीन लुटेरों ने उसे रोक लिया। मारपीटकर बैग में रखा मोबाइल और दो हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए। जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सिधौना चौकी इंचार्ज प्रमोद सिंह को दी। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल के आस-पास जाकर जांच पड़ताल की, लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस छानबीन कर रही है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से घटना की छानबीन की जा रही है।