बेटों की मौत पर जखयिना सीएसची परिसर में रोती बिलखती मां को संभालते परिजन। संवाद
मनिहारी/ शादियाबाद। शादियाबाद थाना क्षेत्र के चकमहताब गांव स्थित बलोरी नहर में बृहस्पतिवार को नहा रहे दो सगे भाइयों किशन कन्नौजिया (13) व शिवराज कन्नौजिया (12) की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की सूचना पर पहुंचे जखनिया एसडीएम अतुल कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों को ढांढ़स बंधाया। शादियाबाद थानाध्यक्ष पवन उपाध्याय ने बताया कि कनुआन गांव निवासी जगत राम बीते तीन वर्ष से चकमहताब गांव में नहर किनारे घर बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। सुबह उनके तीनों पुत्र किशन (13), शिवराज (12) और आनंद (8) घर के सामने नहर में नहाकर घर चले आए। सुबह 11 बजे तीनों फिर नहर में नहाने चले गए। कुछ समय बाद सबसे छोटा भाई आनंद घर आ गया, जबकि किशन और शिवराज नहर में नहा रहे थे।
करीब आधे घंटे तक किशन व शिवराज घर नहीं पहुंचे तो मां रीमा देवी घर से बाहर निकलकर दोनों की तलाश में जुट गई, लेकिन कहीं नजर नही आए, जब रीमा देवी ने छोटे पुत्र आनंद से पूछा तो उसने बताया कि दोनों नहर में ही नहा रहे थे। अनहोनी की आशंका पर रीमा देवी शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और नहर में उतरकर तलाश करने लगे।
दोनों भाई जहां नहा रहे थे, वहीं अचेतावस्था में मिले। युवकों ने दोनों भाइयों को पानी से बाहर निकाला, तबतक डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई थी और सगे भाइयों को उपचार के लिए जखनिया सीएचसी ले गए जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही एसडीएम अतुल कुमार सीएचसी पहुंचे और परिजनों को ढांढ़स बंधाने के साथ हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। शादियाबाद थानाध्यक्ष पवन उपाध्याय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार जो भी संभव सरकारी और आर्थिक सहायता होगी, उसे जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। - अतुल कुमार, एसडीएम जखनिया
बेटों की मौत पर जखयिना सीएसची परिसर में रोती बिलखती मां को संभालते परिजन। संवाद
बेटों की मौत पर जखयिना सीएसची परिसर में रोती बिलखती मां को संभालते परिजन। संवाद