गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को सड़क हादसों में सेना के जवान सहित दो लोगों की मौत हो गई। परिजनों के रोने- बिलखने से मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।
मनिहारी : फिरोजपुर गांव निवासी अशोक कुमार (36) मंगलवार की दोपहर गौसपुर बुजुर्गा बाजार के तरफ बाइक से जा रहे थे। वह भोवापुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही पिकअप चालक ने गुटखा थूकने के लिए अचानक गेट खोल दिया।
पिकअप का गेट बाइक सवार अशोक के सिर से जा टकराया और वह सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाया था। इधर, चालक घटना स्थल पर पिकअप छोड़कर फरार हो गया।
नंदगंज थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पिकअप को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उधर, नोनहरा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी सेना के जवान नूरहसन (35) पंजाब के फिरोजपुर ट्रेनिंग यूनिट में तैनात थे। बीते सात नवंबर को छुट्टी पर घर आए थे। छुट्टी समाप्त होने पर ड्यूटी पर जा रहे थे।
गाजीपुर घाट के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से धक्का मार दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि देर शाम परिजनों के आने के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है।