गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार की शाम ट्रक के धक्के से किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने शाम पांच बजे जंगीपुर-यादवपुर मोड़ होते हुए गाजीपुर जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया और फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
भड़सर: जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि बघोल निवासी मुसाफिर बिंद (52) किसी कार्य से साइकिल से जंगीपुर बाजार गया था। बाजार से वापस लौटते समय मंडी परिसर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इधर, सिर में गंभीर चोट आने से मुसाफिर बिंद की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शाम पांच बजे से जंगीपुर- यादवपुर मोड़ होते हुए गाजीपुर जाने वाले मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। ग्रामीण ट्रक चालक को गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि रात करीब 7. 20 बजे तक जाम चल रहा था।
उधर, नोनहरा थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि बड़ौदा गांंव निवासी रोबिन राम (17) अपने मित्र जितेंद्र कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर सागापाली जा रहा था। कठवामोड़-कासिमाबाद मार्ग स्थित एकडंगवा गांव के पास कासिमाबाद से आ रहे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोबिन राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठे जितेंद्र कुमार को हल्की चोट आई। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।