लोचाईन गांव निवासी अमित कुमार की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन। संवाद
गाजीपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रों में रविवार को सड़क हादसे में साइकिल सवार किशोर सहित दो लोगों की मौत हो गई। बाइक और साइकिल की टक्कर में लोचाईन गांव निवासी अमित कुमार (12) और गगरन गांव निवासी विनोद प्रसाद बिंद (45) की मौत हो गई। वहीं, पत्नी गंभीर रूप घायल हो गई। विनोद होली पर सामान की खरीदारी करने बाजार आए थे।
सेवराई: गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि नगसर थाना क्षेत्र के गगरन गांव निवासी विनोद प्रसाद बिंद (45) पत्नी किरण देवी के साथ होली की खरीदारी करने भदौरा बाजार आए थे। बाजार कर दोनों साइकिल से वापस अपने गांव गगरन लौट रहे थे। दोपहर में जब वह भदौरा नहर पुलिया के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क किनारे लगभग दस फीट गहरे गड्ढे में जा गिरे। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल दंपती को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भिजवाया। चिकित्सकों ने विनोद प्रसाद बिंद को मृत घोषित कर दिया। वहीं किरण देवी का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर भाग गया। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
भांवरकोल : थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि लोचाईन गांव निवासी अमित कुमार (12) साइकिल से क्रिकेट देखकर सुखडेहरा गांव से वापस घर आ रहा था। लोचाईन गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चालक भी घायल हो गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई होगी।