गाजीपुर। जमानियां कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से दो लोगों को 4800 शीशी देशी शराब के साथ मंगलवार की देर शाम धर-दबोचा। बुधवार को पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता आयोजित कर खुलासा किया।
पुलिस कप्तान ने बताया कि उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ देवढी पिकेट पर चेकिंग कर थे। इसी दौरान एक स्कार्पियों आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब रूकने का इशारा किया तो चालक वाहन मोड़कर पुलिस टीम पर फायर करते हुए भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करके वाहन को घेराबंदी करके करमहरी के पास कब्जे में ले लिया। तलाशी लेने पर एक तमंचा भी बरामद हुआ। साथ ही 2400 शीशी देशी शराब बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जौनपुर जनपद के लाइन बाजार निवासी शम्भू नाथ यादव बताया। वहीं उपनिरीक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी द्वारा अभईपुर के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। सूचना मिली कि तलाशपुर से ढेवढ़ी की तरफ से होकर बिहार प्रांत में तस्कर शराब लेकर जा रहे हैं। तस्कर के पास से एक तमंचा बरामद हुआ। साथ 2400 शीशी देशी शराब भी बरामद हुई। पूछताछ में तस्कर ने अपना नाम वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र के धमरिया आजाद निवासी मुहम्मद कासिम बताया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेने के साथ इस तस्करी में लिप्त अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सफलता प्राप्त टीम में कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह, एसआई मंशा राम गुप्ता आदि लोग शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने दोनों मामले में पांच-पांच हजार रुपया पुरस्कार देने की घोषणा की है।