सैदपुर पुलिस को रविवार की रात आगापुर पुलिया के पास से बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बड़ी घटना को अंजाम देने जा रहे छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो बदमाश वहां से भाग निकले। सभी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को चालान कर दिया।
कोतवाल तेजबहादुर सिंह और एसआइ तरुण पांडेय रात में आगापुर पुलिया के पास गश्त कर रहे थे। इस बीच उधर एक बाइक से दो युवक आते दिखे। रोकने पर वो बाइक मोड़कर भागने लगे और नदी में गिर गए। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें धर दबोचा, तलाशी में उनके पास से अवैध तमंचा व चाकू मिला। इसके बाद उन्हें थाने लाया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वो एक वारदात को अंजाम देने जा रहे थे, उनके छह साथी भी हैं। पुलिस ने उन्हें फोन कर बुलाने को कहा। मौके पर छह बदमाश पिकअप से पहुंचे और पुलिस को देखकर उन पर फायर झोंक दिया। हालांकि कोतवाल बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें घेर लिया और धर दबोचा। बावजूद मौके से दो बदमाश फरार हो गए। पकड़े गए सभी बदमाशों को थाने लाया गया। उन्होंने अपना नाम सलमान कुरैशी निवासी आगापुर, मोहन यादव पाखीपुर, गुलाब कुरैशी व बबलू कुरैशी राजापुर, सूर्यप्रताप यादव तरांव व सतीश यादव उर्फ मंगरु देवकली बताया। उनके पास से दो तमंचा समेत कारतूस, खोखा, चाकू, चापड़, बाइक व पिकअप बरामद हुआ। फरार राजू कुरैशी निवासी पहाड़पुर थाना करंडा और गोलू कुरैशी उर्फ नेउर निवासी राजापुर उर्फ आगापुर थाना सैदपुर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इधर गिरफ्तार शातिर बदमाशों को पुलिस ने पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।