गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपीडी में बिना नंबर लगाए मरीज को दिखाने से मना करने पर पैथोलॉजी में तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारी ने इंटर्नशिप करने वाले युवकों के साथ मिलकर वार्ड बॉय और स्टाफ नर्स को साईं मंदिर के पास उस समय मारपीट कर घायल कर दिया जब दोनों एक ही बाइक से घर जा रहे थे। पीड़ितों ने घटना की जानकारी प्राचार्य सहित कॉलेज प्रशासन को दी। इधर, प्राचार्य ने पूरे मामले की जांच बैठाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पटकनियां निवासी स्वतंत्र सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वार्डबॉय है। ड्यूटी नवनिर्मित 300 बेड अस्पताल में संचालित ओपीडी नंबर 103 बी में थी। स्वतंत्र ने बताया कि पैथोलाॅजी में तैनात दो कर्मी पहुंचे और एक मरीज को बिना नंबर लगाए दिखाने का प्रयास करने लगा। जब वार्डबॉय ने विरोध किया तो पैथोलॉजी में तैनात कर्मी ने फोन से पैथोलॉजी में इंटर्नशिप कर रहे युवकों को बुला लिया। इसके बाद सभी कहासुनी करने लगे और मारने-पीटने की धमकी भी दी। पीड़ित वार्डबॉय स्वतंत्र सिंह और स्टाफ नर्स अविनाश राय एक ही बाइक से घर जा रहे थे। साईं मंदिर के पास घेरकर आरोपियों ने ईंट और पत्थर से मारपीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने घटना की जानकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन को दी। साथ ही मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर भी दी। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन करने के साथ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।