गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सोमवार को सड़क हादसे में चालक सहित दो की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में चीख-पुकार मच गई।
बारा : गहमर कोतवाली क्षेत्र के कुतुबपुर गांव निवासी राधेश्याम राम उर्फ समोद (40) गिट्टी-बालू की दुकान पर रहकर ट्रैक्टर चलाता था। वह सोमवार की शाम ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच में खड़ा होकर गांव जा रहा था। कुतुबपुर मार्ग पर गड्ढे में ट्रैक्टर उछलने से वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसा देखकर गांव के लोग पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। दुर्घटना की जानकारी होते ही त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। कोतवाल अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई सूचना नहीं दी गई है। उधर, सुहवल थाना क्षेत्र गरुआ मकसूदपुर निवासी (75) शाम में एक डिग्री कॉलेज के पास खेत के तरफ जा रहे थे। इस दौरान बाइक के धक्के से सिराज राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आधे घंटे तक तक गाजीपुर-जमानिया मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम को समाप्त करवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस तीनों बाइक सवार को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में सुहवल थाना क्षेत्र के राजेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।