गहमर और बक्सर रेलवे स्टेशन के बीच पवनी कमरपुर हाल्ट (बिहार) के पास ट्रैक्टर की टक्कर से अप 15632 अप ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस की वातानुकूलित समेत दो बोगियां पटरी से उतर गईं। घटना रविवार सुबह 9:35 बजे ट्रैक के
पोल संख्या पर 836-837 के बीच हुई। इसके चलते दानापुर-मुगलसराय रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन करीब पांच घंटे बाधित रहा। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना में ट्रैक्टर चालक की हालत गंभीर है।
15632 अप ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस रविवार की सुबह साढ़े नौ बजे दानापुर मुगलसराय रेलखंड पर गहमर और बिहार के बक्सर स्टेशन के बीच पवनी कमरपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। इसी बीच रेलवे पटरी के किनारे चल
रहे कार्य में लगे ट्रैक्टर की ट्रेन से टक्कर हो गई, जिससे वातानुकूलित और उससे जुड़ी एक और बोगी पटरी से उतर गई। दुर्घटना में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। हादसे के बाद बक्सर-मुगलसराय के बीच ट्रेनों का परिचालन
बाधित हो गया। विभिन्न ट्रेनों के इंतजार में गहमर, दिलदारनगर, जमानिया आदि स्टेशनों पर मौजूद यात्री घंटों परेशान रहे। मौके पर पहुंचे दानापुर के मंडल रेल प्रबंधक आरके झा के नेतृत्व में राहत व बचाव कार्य शुरू किया
गया। दोपहर दो बजे बेपटरी बोगी को पावर-जैक के जरिये लाइन पर रख परिचालन दुबारा शुरू कराया गया। डीआरएम ने बताया कि घटना की वजह की भी जांच करायी जा रही है।
बताया जाता है कि पवनी-कमरपुर हाल्ट स्टेशन के आखिरी छोर पर प्लेटफार्म के लिए मिट्टी डालने का काम चल रहा है। जहां दुर्घटना हुई वहां क्रासिंग है। यहां प्लेटफार्म निर्माण के लिए ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी गिराई जा रही थी।
ट्रैक्टर चालक अमित यादव कान में ईयरफोन लगाया था जिससे ट्रेन का हार्न नहीं सुन सका और ट्रैक्टर ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। हादसे में बोगी के नीचे बैटरी रखने के लिए लोहे
का लगा स्टैंड टूट कर पटरी पर जा गिरा और एक किलोमीटर आगे ज्वाइंट क्लैंप के पास फंस गया। इससे बी-1 एसी बोगी पटरी से उतर गई।
दानापुर मुगलसराय रेलखंड पर गहमर और बिहार के बक्सर स्टेशन के बीच पवनी कमरपुर हाल्ट के पास 15632 अप गोवाहाटी बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण आठ ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। रविवार को तीसरे पहर तक ट्रैक साफ नहीं हो सका था।
दुर्घटना के चलते मालदा टाउन से भिवानी जाने वाली 13413 अप फरक्का एक्सप्रेस 9:29 मिनट से बक्सर स्टेशन पर रुकी रही। इसी प्रकार 12233 अप हाबडा इलाहाबाद विभूति एक्सप्रेस डुमराव, 12391 राजगीर नई दिल्ली श्रमजीवी
एक्सप्रेस टूडीगंज, 12331 हावड़ा जम्मू हिमगिरी एक्सप्रेस आरा, 122793 अप पटना सिकंदराबाद कारीसाथ में रोकी गई है। साथ ही कोलकाता आनंद बिहार लालकिला एक्सप्रेस, पटना मथुरा एक्सप्रेस और 14055 डिब्रूगढ नई दिल्ली ब्रह्मपुत्र
मेल का परिचालन प्रभावित रहा।