स्टेट बैंक आफ इंडिया की शहर स्थित मिश्रबाजार शाखा से रुपये निकालकर घर जा रहे पूर्व फौजी से बाइक सवार दो बदमाश 1 लाख 70 हजार रुपये से भरा झोला लेकर भाग गए। पूर्व फौजी ने बेटी की शादी के लिए रुपये निकाले थे। यह घटना जंगीपुर मंडी के पास बुधवार की सुबह हुई। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग कराई लेकिन उचक्कों का पता नहीं चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दुल्लहपुर थाना के धमराव गांव निवासी रिटायर्ड फौजी बिछुड़न सिंह यादव बुधवार की दोपहर अपने पुत्र पंकज और पत्नी के साथ बाइक से पैसा निकालने स्टेट बैंक आफ इंडिया की मिश्रबाजार स्थित शाखा आए थे। उनकी बेटी की शादी तय है। कुछ खरीदारी करने के लिए पूर्व फौजी ने बैंक से एक लाख पचहत्तर हजार रुपये निकाले।
पूर्व फौजी ने पांच हजार रुपये अपनी जेब में रख लिया। शेष 1 लाख 70 हजार रुपये उन्होंने कपड़े के झोले में रखकर बाइक की डिग्गी में रख दिया। दोपहर करीब एक बजे वह रुपये लेकर परिवार के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान जंगीपुर मंडी से कुछ पहले उसकी बाइक बंद हो गई। बिछुड़न का पुत्र पैदल ही बाइक को खींचकर मैकेनिक के पास जा रहा था। बिछुड़न और पत्नी पीछे-पीछे चल रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक आए और बाइक की डिग्गी से रुपयों वाला झोला झटके से निकाल ले गए। बदमाशों को झोला लेकर भागता देख पूर्व फौजी ने शोर मचाया लेकिन पलक झपकते ही लुटेरे वहां से चलते बने। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वायरलेस सेट से चारों तरफ वाहन चेकिंग करने का निर्देश दिया। घंटों वाहन चेकिंग के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चला। जानकारी होते ही एसपी सिटी लल्लन राय और सीओ वेद प्रकाश सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूर्व फौजी से घटना की जानकारी ली। इस मामले में पूर्व फौजी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बाद में पुलिस ने स्टेट बैंक के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी। फुटेज में दो लोग संदिग्ध अवस्था में देखे गए हैं। इस संबंध में एसपी सिटी लल्लन राय ने बताया कि युवक पल्सर बाइक से थे। गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जाएगा।