गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के काजीमंडी लोटन इमली रोड स्थित कब्रिस्तान में बकरीद की नमाज के बाद दादा-दादी की कब्र पर श्रद्धांजलि देने गए युुवकों पर 20 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित युवकों के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर शुक्रवार की शाम पांच नामजद और 15 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि, नखास-मारकीनगंज निवासी पीड़ित युवकों के पिता अरशद अली ने तहरीर देकर अवगत कराया कि 28 मई की सुबह करीब 7:40 पर बकरीद की नमाज के बाद पुत्र नबील अली और शिजैन अली काजीमंडी लोटन इमली रोड स्थित कब्रिस्तान में अपने दादा-दादी की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गए थे। वहां पहले से ही मौजूद निगाहीबेग निवासी गिर्जा मुसर्रत, मिर्जा इशरत, मिर्जा अफजल उर्फ टिंक, मिर्जा फैसल, नखास निवासी मिर्जा मुशीर उर्फ चंदु और उसके चार भतीजों ने मिलकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया। सूचना पर परिजनों के कब्रिस्तान पहुंचने पर बेटा नबील अली ही बेसुध मिला। इस दौरान मौजूद मिर्जा मुसर्रत ने गाली-गलौज कर कब्रिस्तान में ही दफना देने की धमकी दे रहा था। इसके पहले फरवरी में छोटे भाई खालिद अली और बेटे नबील अली पर इन्हीं आरोपियों के साथ करीब 15 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने हमला कर घायल कर दिया था। तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।