जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार के वार्ड 17 में सोमवार की देर रात पुलिस से बचकर भागने में एक ट्रक नाली में फंस गया। नाली में बालू भर जाने से जहां जलनिकासी रुक गई। वहीं पाइप क्षतिग्रस्त होने से पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। चालक ट्रक को खाली कराने में जुटा रहा।
स्टेशन बाजार के वार्ड नंबर 17 के लोगों ने बताया कि रात में 11 हजार लाइन में फाल्ट हो जाने की वजह से तमाम लोग घर के बाहर ही खड़े थे। इसी दौरान करीब 12 बजे बालू लदा तेज रफ्तार एक ट्रक आता दिखाई दिया, जिसका शायद पुलिस पीछा कर रही थी। अनियंत्रित होकर ट्रक सतीश जायसवाल के मकान के सामने नाली में फंस गया। इससे नाली भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बालू गिरने से नाली जाम हो गई और पानी की पाइप क्षतिग्रस्त हो गई। चालक पर दबाव बनाने पर डाला खोलकर बालू को गिराया। सुबह बल्ली लगाकर ट्रक को पलटने से रोका और बालू निकालने में जुटा रहा। इससे संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। उधर चालक पूरे दिन बालू खाली कराने में जुटा रहा। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। सूचना मिली तो छानबीन शुरू की जाएगी।