खानपुर। थाना क्षेत्र के सिधौना में सोमवार की देर रात मालगाड़ी की चपेत में आने से एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार जौनपुर निवासी रामसमुझ यादव का पुत्र वैभव (25) अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह खानपुर थाना क्षेत्र के मड़ई गांव में अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता था। रात में किसी कार्य से वह सिधौना बाजार में आया हुआ था। लोगों की मानें तो करीब नौ बजे वह मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे लाइन पर चल रहा था। इसी दौरान गाजीपुर से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना मृतक के ननिहाल वालों को दी। कुछ ही देर में वह लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि वैभव यहां रहकर पढ़ाई और मार्केटिंग का कार्य करता था। थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि युवक रेलवे लाइन पर मोबाइल से बात करते हुए जा रहा था। इसी बीच मालगाड़ी की चपेट में आ गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।