बाईपास के पास रेलवे क्रासिंग के बीचोबीच एक ट्रक के फंस जाने से रेलगाड़ियों का संचालन दो घंटे तक बाधित रहा। ट्रक पर पटिया लदा होने के कारण उसे काफी मशक्कत के बाद हटाया जा सका।
वाराणसी से पटिया लाद कर आ रहा ट्रक बुधवार की दोपहर 2:20 बजे बाईपास के पास रेलवे क्रासिंग के बीचोबीच फंस गया। आननफानन में रेल फाटक के गेटमैन सोनू खरवार ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय रेलवे स्टेशन के
पैनल रूम की दी। इसके बाद 2:35 बजे अप लाइन के होम सिग्नल पर दानापुर सिकंदरबाद ट्रेन आकर खड़ी हो गई। रेलवे के पीडब्ल्यूआई के कर्मचारियों ने ट्रक को हटाने की कोशिश की लेकिन ट्रक का भार अधिक होने के कारण
हटाने में नाकाम रहे। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद अपराह्न 3:50 बजे किसी तरह उसे हटाया गया तब जाकर आवागमन बहाल हो पाया। इस दौरान अप लाइन में होम सिग्नल पर दानापुर सिकंदराबाद, पटना मुंबई स्पेशल
ट्रेन दरौली में, पटना मथुरा एक्सप्रेस दिलदारनगर में तथा डाउन लाइन में स्थानीय प्लेटफार्म पर मथुरा पटना, मुगलसराय बक्सर सवारी गाड़ी, हरिद्वार हावड़ा धीना, ब्रम्हपुत्रा मेल सकलडीहा में , सिकंदराबाद दानापुर कुछमन में
खड़ी रहीं।
ट्रक ड्राइवरों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि रेलवे क्रासिंग के पास सड़क समतल नहीं है। इस वजह से अक्सर वाहन फंसते हैं। ट्रक पर पटिया का लोड होने के कारण वह फंस गया तो टस से मस नहीं हो पा रहा था।
5-6 दिन पूर्व ही बाईपास रेलवे फाटक की डाउन लाईन पर सड़क मार्ग का समतलीकरण कराया गया था और वहीं अप लाइन में सिर्फ गिट्टी से समतलीकरण करके छोड़ दिया गया था जिसके परिणाम स्वरूप ट्रक का पहिया फंस
गया । तकरीबन 25 दिन पहले भी देर शाम को गाजीपुर को जा रहा लोडेड ट्रक बाईपास रेल फाटक के डाउन रेलवे ट्रैक की सहायक पटरियों के बदले जाने के बाद फंस कर जाम हो गया। जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकल गया।