गाजीपुर के रौजा चंदनगर स्थित होली क्रास कान्वेंट स्कूल में साथी को गोली मारकर घायल करने वाले किशोर को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। मंगलवार की रात पुलिस ने उसके घर में दबिश दी। घर वालों का आरोप है
कि रात में घर में घुसकर पुलिस ने जमकर तोड़फोड़ और परिवार वालों के साथ अभद्रता की। रेवतीपुर के थानाध्यक्ष ने तोड़फोड़ के आरोप को बेबुनियाद बताया है। रात में बड़ी संख्या में पुलिस के गांव में पहुंचने की वजह से दहशत का माहौल रहा।
होली क्रास कान्वेंट स्कूल में 31 दिसंबर की सुबह कक्षा आठ के एक छात्र ने खेल के विवाद में अपने साथी को भरी कक्षा में गोली मार दी थी और भाग निकला। गोली लगने से घायल जंगीपुर के मिट्ठापारा निवासी छात्र शैलेंद्र यादव
का इलाज चल रहा है। घटना के हफ्ते भर बाद भी पुलिस आरोपी छात्र को नहीं पकड़ पाई है। इस बीच पुलिस ने चंदन नगर कालोनी में उस मकान में छापा मारा, जिसमें उसका परिवार गाजीपुर में किराए पर रहता था। वहां से कोई
पकड़ा नहीं गया तो पुलिस ने मंगलवार को रेवतीपुर स्थित उसके पैत्रिक आवास पर छापा मारा। पुलिस रात में चहारदीवारी फांद कर घर में दाखिल हुई पूरा घर खंगाल डाला लेकिन न आरोपी किशोर पकड़ा गया और न ही वह असलहा जिससे गोली चलाई गई थी।
आरोपी के परिवार के सदस्य आनंद राय का आरोप है कि दबिश देने आई पुलिस ने घर में जमकर तोड़फोड़ की। घर-गृहस्थी के सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। बक्सों एवं सूटकेस को तोड़ डाला। कई महत्वपूर्ण कागजात भी गायब
हो गए हैं। पुलिस ने विरोध करने पर भलाबुरा भी कहा। वे खिलाफ वह कोर्ट में गुहार लगाएंगे। रेवतीपुर थानाध्यक्ष आरबी सिंह कता कहना है कि दबिश दी गई लेकिन तोड़फोड़ और बदसलूकी का आरोप परिवार वाले पुलिस पर दबाव बनाने के लिए लगा रहे हैं।