ताडीघाट बारा मार्ग पर बालू लदे ट्रक का गुल्ला टूटने से लगा जाम।
बिहार से बालू लेकर गाजीपुर जा रहे ट्रक का गुल्ला सोमवार की सुबह ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर रेवतीपुर स्थित एक ढाबा के पास टूट गया। काफी प्रयास के बाद भी उसकी मरम्मत नहीं हो सकी। इसके चलते मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग छह घंटे बाद दिन में 11 बजे उसकी मरम्मत होने के बाद आवागमन सुचारु हो सका।
सोमवार को भोर में लगभग चार बजे एक ट्रक बालू लेकर बिहार से गाजीपुर की तरफ जा रहा था। अभी वह रेवतीपुर स्थित एक ढाबा के पास पहुंचा ही था कि ट्रक से तेज आवाज आने लगी। चालक कुछ समझ पाता उसके पहले ही ट्रक मार्ग के बीचो-बीच बंद हो गया। इस दौरान कुछ गाड़ियों ने उसके बगल से निकलने का प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने से लंबा जाम लग गया। जाम लगने से सबसे ज्यादा परेशानी पैदल एवं दो पहिया वाहन सवारों को हुई। उन्हें दूसरे रास्तों के सहारे अपने गंतव्य को जाना पडा।
वाहन चालकों दिनेश प्रजापति, संजय सिंह, उदय, सुहैल अंसारी, रमेश यादव, अनिल राजभर, राजेश यादव, मनोज कुमार मौर्या आदि ने बताया कि उन लोगों के लिए यह कोई नई समस्या नहीं है। दिन में करीब 11 बजे लगभग छह घंटे बाद ट्रक की मरम्मत होने के बाद आवागमन सुचारु हो सका। तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। मार्ग की खराबी से लोगों को आए दिन इस तरह की समस्या से दो-चार होना पड़ता है।