स्थानीय थाना क्षेत्र के महेंगवा गांव के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 29 पर सोमवार की देर रात दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़त में एक चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कासिमाबाद थाना क्षेत्र के डाही गांव निवासी ट्रक चालक अफजल अंसारी (25) मऊ से गाजीपुर गिट्टी गिराकर गाजीपुर की ओर लौट रहा था। करीब रात 12.30 बजे महेंगवा गांव के पास गाजीपुर से मऊ की ओर गिट्टी लदे जा रहे ट्रक ने सामने से टक्कर मार दिया। जान बचाने के चक्कर में मऊ से गाजीपुर जा रहे ट्रक का चालक अफजल ट्रक का स्टेयरिंग छोड़कर सड़क के किनारे गड्ढे में कूद गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाजीपुर से मऊ जा रहे गिट्टी लदा ट्रक सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया , जिससे ट्रक चालक अफजल की दबकर मौके पर ही मौत हो गई।
आवाज सुनकर रात में ही आस-पास के लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी के सहारे गड्ढे में पलटे ट्रक को उठवाया। तब जाकर चालक का शव निकल पाया। पुलिस ने इस घटना की जानकरी ट्रक चालक के परिजनों को दी। खाली ट्रक का खलासी इस टक्कर में बाल-बाल बच गया। मंगलवार की सुबह थाने पर पहुंचे मृतक चालक अफजल के भाई अफरोज ने गिट्टी लदे ट्रक के चालक के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में लग गई।