भीमापार। सादात विकास खंड के पलिवार गांव की रहने वाली छात्रा त्रिशा कुमारी ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित श्रेष्ठा परीक्षा में ऑल इंडिया में 1175वीं रैंक हासिल की है।
वह पलिवार स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा हैं। अनुसूचित जाति के मेधावियों को श्रेष्ठा योजना के तहत सीबीएसई बोर्ड के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में कक्षा नौ से 12वीं तक मुफ्त शिक्षा दी जाती है।
त्रिशा कुमारी का चयन कक्षा नौ में प्रवेश के लिए हुआ है। केंद्र सरकार की ओर से प्रतिवर्ष छात्रवृत्ति दी जाती है। त्रिशा का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए भी हुआ था। स्कीम फॉर रेजिडेंशियल एजुकेशन फॉर स्टूडेंट्स इन हाईस्कूल इन टारगेटेड एरिया (श्रेष्ठा) के तहत चयन के लिए एक जून को एनटीए ने राष्ट्रीय स्तर पर परीक्षा कराई थी। परीक्षा एक जून को वाराणसी में हुई थी। श्रेष्ठा योजना के तहत प्रति वर्ष केवल अनुसूचित जाति के कक्षा आठ के बच्चे परीक्षा में प्रतिभाग करते हैं। ऑल इंडिया स्तर पर कक्षा नौ में 1500 और 11 में 1500 सीटें आवंटित की जाती हैं। श्रेष्ठा के तहत प्रतिवर्ष कक्षा नौ में एक लाख, कक्षा 10 में 1.10 लाख, कक्षा 11 में 1.25 लाख और कक्षा 12 में 1.35 लाख स्काॅलरशिप दी जाती है। उच्च प्राथमिक विद्यालय पलिवार के शिक्षक विंध्याचल मौर्य ने बताया कि श्रेष्ठा के लिए हर साल बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भाग लेते हैं।