गाजीपुर में कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी एक विवाहिता ने शुक्रवार को पति के मोबाइल पर मैसेज के जरिए तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। उसने शनिवार को पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
सोनबरसा गांव निवासी हैदर अली की पुत्री मरियम की शादी मऊ में कोतवाली थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा मोहल्ला निवासी मोहम्मद दानिश से 2019 में हुई थी। शादी के बाद से ही दानिश दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। जबकि मरियम अपने 10 माह की बेटी के साथ मायके सोनबरसा में पिछले कई महीनों से रह रही थी।
मरियम ने तहरीर में लिखा है कि शुक्रवार की रात पति दानिश ने मोबाइल पर तीन बार तलाक लिखकर मैसेज भेजा था। पति ने गैर कानूनी तरीके से तलाक दिया है। पुलिस ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर तीन तलाक के साथ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।