शादियाबाद/मनिहारी। शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव के पास रविवार की सुबह तेज रफ्तार सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। पुलिस ने जेसीबी के सहारे इंजन को सीधा कराकर शव को बाहर निकाला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जंगीपुर-बहरियाबाद मार्ग पर हंसराजपुर की तरफ से रविवार की सुबह एक सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान सुबह करीब छह बजे गुरैनी गांव के पास चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे पलट गई। पलटे इंजन के नीचे चालक दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना देकर जेसीबी को मौके पर बुलाया। उससे ट्रैक्टर के इंजन को सीधा कर दबे शव को बाहर निकाला गया। मृतक की मोबाइल और जेब से मिले कागजात से पुलिस ने उसकी शिनाख्त चंदौली जिला के सैयदराजा थाना के रनिया गांव निवासी स्व. रामजी यादव के पुत्र भोला यादव (50) के रूप में करते हुए दुर्घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाना ले आई। कुछ घंटे बाद परिवार के लोग भी थाना पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते ही दहाड़े मारकर चीखने-चिल्लाने लगे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले गए।