भांवरकोल। पखनपुरा में लगा 400 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर पांच दिन पूर्व जल गया। बावजूद नया ट्रांसफाॅर्मर न लगने से करीब 350 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को उमस और अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है। पेयजल को लेकर भी गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
बीडीसी सरफराज ने बताया बीते 20 अप्रैल को ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। इसके बाद से ही लगातार जेई से मुलाकात कर ट्रांसफाॅर्मर बदलने की गुहार लगाई है। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिशाषी अभियंता से मांग किया कि जनसमस्या को देखते हुए 24 घंटे के अंदर नया ट्रांसफाॅर्मर लगवाकर आपूर्ति बहाल की जाए। चेताया कि अगर समस्या का निस्तारण नहीं होता है तो ग्रामीण उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। कुंडेसर उपकेंद्र के जई चंदन सिंह ने बताया कि वाराणसी से ट्रांसफॉर्मर मंगाया गया है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।