मुगलसराय-पटना पैसेंजर ट्रेन के गुजरने के बाद गुरुवार की सुबह उसिया- भदौरा के बीच डाउन लाइन की रेल पटरी चटकने के कारण ट्रेनों का परिचालन एक घंटे तक बाधित रहा। सूचना मिलते ही आनन-फानन में रेल कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर टूटे ट्रैक पर क्लैप बाधा। इसके बाद कहीं जाकर ट्रेनों का परिचालन बहाल हो सका। 11 बजे परिचालन बहाल हुआ।
मुगलसराय-पटना 6324 डाउन पैसेंजर के सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर डाउन ट्रैक से गुजरने के कुछ देर बाद रेल पटरी चटक गई। लाइन में कार्य कर रहे कीमैन ब्रम्हदेव मेठ की नजर चटकी रेल पटरी पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना भदौरा के स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना रेलवे के उच्चाधिकारियों को दी। दानापुर रेल कंट्रोल की सूचना पर रेलपथ के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर चटकी रेल पटरी के पास क्लैंप बांध कर ट्रैक को ठीक किया। इसके बाद 11 बजकर 9 मिनट पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ।
इसके चलते रेलवे स्टेशन पर डाउन पैसेंजर ट्रेन और दादर गोहाटी एक्सप्रेस एवं जमानिया में मगध एक्सप्रेस और धीना में वाराणसी- सियालदह एक्सप्रेस खड़ी रही। परिचालन निरीक्षक उमेश सिंह ने बताया कि रेल पटरी चटकने सेे विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी रही।