मुहम्मदाबाद। घने कोहरे एवं तरांव स्टेशन पर तीन घंटे का ब्लाक लेने के कारण मंगलवार को बलिया-वाराणसी रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनें काफी विलंब से चलीं। इससे ट्रेन यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
बलिया-वाराणसी रेलमार्ग पर सैदपुर प्लेटफार्म पर फुट ओवरब्रिज पर काम होने के कारण रेलवे द्वारा अप ट्रेनों के लिए दिन में 11 बजे से 2 बजे तक ब्लाक लिया गया था। इसके चलते कई ट्रेनें काफी विलंब से चलीं तो कई निरस्त रहीं। वाराणसी सिटी से छपरा जाने वाली 65106 डाउन मेमू एवं छपरा से वाराणसी सिटी तक जाने वाली अप पैसेंजर मेमू निरस्त कर दी गई। ब्लाक के कारण 15159 अप छपरा से दुर्ग जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस तीन घंटे विलंब से यूसुफपुर स्टेशन से रवाना हुई। कोहरे के चलते 15054 डाउन लखनऊ से छपरा जाने वाली एक्सप्रेस यूसुफपुर स्टेशन पर चार घंटे विलंब से आई। ट्रेनों की लेट लतीफी एवं निरस्तीकरण के कारण यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ा।