गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो पर बुधवार की रात राजस्थान से 15 हजार कंटेनर कच्ची अफीम लेकर ट्रेन पहुंची। रेलवे ने बृहस्पतिवार की सुबह ओपियम फैक्ट्री को हैंडओवर किया। कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रक से अफीम को ओपियम फैक्ट्री लाया गया। अफीम ले जाने तक प्लेटफार्म नंबर-दो सीआईएसएफ के कब्जे में रहा।
मालूम हो कि राजस्थान से बुधवार की रात 15 हजार कंटेनर अफीम लेकर ट्रेन सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो पर पहुंची। जीआरपी की सुरक्षा में पूरी रात ट्रेन खड़ी रही। रेलवे ने सुबह ट्रेन को ओपियम को हैंडओवर किया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभालने के लिए सीआईएसएफ के अधिकारियों सहित दर्जनों जवान पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अधिकारियों ने कंटेनरों को ट्रेन से उतरवाकर परिसर में रखवाया। इसके बाद कर्मचारियों ने कंटेनरों को ट्रकों को पर रखकर बारी-बारी से अफीम फैक्ट्री में लाए। जिन ट्रकों से अफीम आ रहा था, उसके आगे-पीछे वाहनों से सीआईएसएफ जवान चल रहे थे। रेलवे स्टेशन से अफीम के कंटेनरों को ओपियम फैक्ट्री में आने तक रेलवे स्टेशन के साथ ही ओपियम फैक्ट्री के मुख्य गेट और रास्ते में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। अफीम का कंटेनर ट्रेन से उतरवाने और भेजवाने के दौरान कार्मिक अभियंता पंकज श्रीवास्तव, ओपी राय, संजय श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर रवि रंजन, कंट्रोल इंचार्ज ओमप्रकाश राय, केमिकल इंजीनियर सत्यप्रकाश, अजीत कुमार के साथ ही भारी संख्या में सीआईएसएफ के जवान मौजूद रहे।