गाजीपुर। वीर अब्दुल हमीद सेतु पर बुधवार को स्पैन बेयरिंग की जांच के चलते यातायात आंशिक रूप से नियंत्रित और प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से सेतु की सुरक्षा जांच के लिए मोबाइल बेयरिंग इंस्पेक्शन यूनिट (एमबीआईयू) से परीक्षण कराया जाएगा।
यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सेतु पर जांच कार्य सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों समेत अन्य यातायात को समय-समय पर रोका जाएगा। आमजन को अधिक परेशानी न हो, इसके लिए एक से दो घंटे के अंतराल पर यातायात को आंशिक रूप से चालू भी कराया जाएगा। बताया कि वीर अब्दुल हमीद सेतु जमानियां और सेवराई तहसील को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है।
सेतु की स्थिति को देखते हुए पूर्व में जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सदस्यीय टीम गठित कर सुरक्षा ऑडिट कराया गया था। 22 मई को हुई जांच में स्पैन बेयरिंग की विस्तृत जांच की आवश्यकता सामने आई थी। यातायात प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि जांच कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें तथा यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।