शहर के विशेश्वरगंज चौराहे पर बिना बॉडी वार्न कैमरा के बाइक का चालन करता यातायात कर्मी। संवाद
गाजीपुर। जिले में एक माह तक चले यातायात माह रविवार को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ रौजा पर संपन्न हो गया। यहीं नहीं सीओ सिटी शेखर सेंगर ने हेलमेट का प्रयोग करने वाले जागरूक चालकों को गुलाब का फूल देकर प्रोत्साहित भी किया। बावजूद पूरे माह यातायात कर्मियों के कंधे से बॉडी वार्न कैमरा गायब दिखाई पड़ा। जबकि जिम्मेदारों का दावा है कि यातायात कर्मी नियमित बॉडी वार्न कैमरा लगाकर ही चलते हैं, लेकिन अभियान के अंतिम दिन भी हकीकत कुछ अलग ही दिखाई पड़ा।
बीते एक नवंबर से यातायात माह का शुभारंभ जिले में हुआ था। यातायात नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ एक माह में 16 हजार वाहनों का जहां चालान किया गया है। वहीं 30 स्कूलों के दस हजार से अधिक बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया है। यहीं नहीं समय- समय पर नुक्कड़ नाटक का प्रयोग करके प्रमुख स्थानों पर आवागमन करने वाले राहगीरों को जागरूक करने का काम किया गया है। उधर, यातायात माह के संपन्न होने के दिन रविवार को नगर के विभिन्न चौराहों पर खड़े यातायात कर्मी बिना बॉडी वार्न कैमरा के दिखाई पड़े। यहीं नहीं कार्यक्रम संपन्न होने के दौरान भी कंधे से वार्न कैमरा गायब दिखाई पड़ा। जबकि यातायात विभाग के अधिकारियों द्वारा बॉडीवार्न कैमरा से प्रतिदिन यातायात कर्मियों के लैस होने का दावा किया है, बावजूद हकीकत कुछ अलग ही है। सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि एक माह में 16 हजार वाहनों का चालान हुआ है, वहीं दस हजार बच्चों को जागरूक किया गया है। जबकि यातायात कर्मी और यातायात विभाग से जुड़े अधिकारी हमेशा बॉडीवार्न कैमरे से लैस रहते हैं।