Mau News: जिले के घोसी कोतवाली के हांसापुर के पास दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के हांसापुर गांव में शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे बाइक सवार को बचाने में ट्रैक्टर पलटने से चालक रितेश चौहान (20) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
विज्ञापन
घोसी नगर के कस्बा खास निवासी रितेश चौहान ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार को कोपागंज थाना क्षेत्र के फतहपुर ताल नरजा गांव की तरफ काम चल रहा था। डीजल कम होने पर वह ट्रैक्टर लेकर घोसी की तरफ जा रहे था। अभी हांसापुर गांव में पहुंचा था कि सामने से आ रही बाइक को बचाने में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों उन्हें पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। रितेश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मां राजकुमारी और पिता सदावृक्ष का रो- रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।