सुहवल। गांव स्थित घर के बाहर से बीते 19 फरवरी को लापता तीन वर्षीय मासूम शुभम गुप्ता को पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर शुक्रवार को खोज निकाला। मासूम सदर कोतवाली स्थित एक बस स्टैंड के पास से चाय की दुकान पर मिला। पुलिस एक संदिग्ध महिला को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर, विधिक कार्रवाई व मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने मासूम को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि बीते 19 फरवरी की दोपहर शुभम घर के बाहर खेल रहा था। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो देर रात पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिया था। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर के नेतृत्व में तीन थानों की पुलिस, सर्विलांस टीम और एसओजी को सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि रातभर चले सघन अभियान में सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और ड्रोन के जरिए इलाके की निगरानी की गई।