दीपावली पर आज (रविवार) को लाखों के पटाखे से धूम-धड़ाका होगा। इसके लिए शनिवार को नगर के सिटी इंटर कालेज परिसर में लगाए गए पटाखों की दूकानों पर देर रात तक तक खरीदार जमे रहे। बड़े लोगों ने बम, छोटी-बड़ी लड़ियों वाले पटाखों की खरीद की तो बच्चों ने चर्खी, फुलझड़ी, अनार, लाइटिंग आदि पटाखों को पसंद किया। मैदान में करीब 40 दुकानें लगाई गई है, जिसमें छोटे-बड़े हर प्रकार के पटाखों की बिक्री की जा रही है। इस वर्ष पटाखा के दामों में तीस प्रतिशत की वृद्धि जरूर हुई है, लेकिन इसका असर उत्साही लोगों पर नहीं दिखा। खास बात यह है कि अधिकांश दुकानदार इस साल चीनी पटाखों की बिक्री नहीं कर रहे हैं।
दीपावली पर्व पर आतिशबाजी की परंपरा है। इसके लिए पर्व से तीन दिन पूर्व शहर के राजकीय सिटी इंटर कालेज के मैदान में व्यापार मंडल के सहयोग से पटाखा की 40 दुकानें लगाई है। इन दूकानों से खरीदारी का क्रम भी शुरू हो गया। शनिवार को छोटी दीपावली पर बड़ी संख्या में लोग पटाखों की खरीदारी करने के लिए पहुंचे। दूकानदार राजू गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष पटाखा के दामों में तीस प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 10 हजारा चटाई 12 से 16 सौ, अनार 5 से लेकर 60 रुपया, छोटी-बड़ी फुलझड़ी 15 से लेकर 2 सौ रुपए डिब्बा, छोटा-बड़ा बम 40 से लेकर 2 सौ रुपया डिब्बा, चरखी 10 से लेकर 60 रुपये पीस, बंदूक 10 से लेकर सौ रुपए , सात आवाजा बम 50 रुपए पीस, राकेट 50 से लेकर 3 सौ रुपया डिब्बा, लाइट 5 से लेकर 25 रुपये तक में बिक रहे हैं। बताया कि रेट में वृद्धि का कोई खास असर नहीं दिख रहा है। लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।