नोनहरा थाना प्रभारी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि नोनहरा गांव के इंग्लिशपुर निवासी गोविंदर राम ने तहरीर देकर बताया कि गांव से एक बरात कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेताबपुर गांव में गई हुई थी। बरात से लौटने के बाद एक बाइक पर सुमित कुमार, नीरज कुमार और नीतिश राम रात करीब 11 बजे घर वापस आ रहे थे। कासिमाबाद-कठवामोड़ मुख्य मार्ग स्थित खानपुर मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में खानपुर मोड़ के पास मौके पर ही सुमित कुमार की मौत हो गई, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं नीरज कुमार और नीतिश राम के शव ट्रेलर के बीचोंबीच फंस गए। ट्रेलर दोनों को घसीटते हुए करीब एक किमी दूर बौरी पुल तक ले गया। दोनों युवकों के शव पुल पर गिरने के बाद चालक ट्रेलर लेकर भागने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कठवामोड़ चौकी से पहले घेराबंदी कर ट्रेलर को कब्जे में लेने के साथ चालक को हिरासत में ले लिया।
नोनहरा थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि गोविंदर राम की तहरीर पर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।