गाजीपुर। जिले के दो थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे में दुधिया सहित तीन की मौत हो गई। रविवार की रात जमानिया के दौदही गांव के सामने बाइक के धक्के से गंगाजल लेने जा रहे साइकिल सवार उत्तम उर्फ गोलू गुप्ता (24), दो बाइकों की रेस में एक-दूसरे से आगे निकले की होड़ में बाइक सवार बिहार के नुआंव निवासी सूरज कुमार डोम (25) की मौत हो गई। जबकि जंगीपुर थाना क्षेत्र में देवकठिया गांव के पास नील गाय से टक्कर के बाद फोरलेन पर गिरे बाइक सवार दुधिया रामजी यादव (52) की वाहन से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस तीनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
जमानिया में कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि दिलदारनगर थाना के पचोखर गांव निवासी उत्तम उर्फ गोलू गुप्ता साइकिल से गंगा जल लेने के जमानिया के बलुआ घाट जा रहे थे। दौदही गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी, इससे मौके पर ही उत्तम की मौत हो गई। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। घर पर रहकर परिजनों का सहयोग करता थे। पिता मनोज उर्फ मुन्ना गुप्ता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं, दूसरा हादसा बरेसर गांव के पास दो बाइक की आपस में टक्कर के कारण हुई, इससे एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। काफी देर बाद मृतक की शिनाख्त बिहार के नुआंव गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई। दोनों बाइक सवार एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थे, तभी उनकी बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
भड़सर में जंगीपुर थानाध्यक्ष शिवमणि त्रिपाठी ने बताया कि बद्दूसराय निवासी रामजी यादव (52) दूध बेचते थे। वह प्रतिदिन की तरह सुबह बाइक से दूध लेकर गाजीपुर गए थे। दोपहर में घर लौटते समय देवकठिया के पास अचानक सामने नीलगाय आ गई, इससे बाइक टकरा गई। सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दुधिया की मौत से गांव में शोक की लहर
भड़सर। रामजी यादव की सड़क हादसे में मौत की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी लालसा देवी, पिता अर्जुन यादव, बेटियां अनुराधा और संतोषी रोने- बिलखने लगी। जबकि उनका बेटा दिनेश भारतीय नौसेना में तैनात है वहीं, बेटा मनीष दिल्ली में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों बेटे गांव के लिए रवाना हो गए। परिजनों के रोने- बिलखने की आवाज सुनकर दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।
बद्दूसराय में मृतक रामजी यादव की रोती-बिलखती पत्नी लालसा देवी को संभालती महिलाएं। संवाद
बद्दूसराय में मृतक रामजी यादव की रोती-बिलखती पत्नी लालसा देवी को संभालती महिलाएं। संवाद
बद्दूसराय में मृतक रामजी यादव की रोती-बिलखती पत्नी लालसा देवी को संभालती महिलाएं। संवाद