भांवरकोल। थाना क्षेत्र के परसदा गांव में शुक्रवार की देर शाम चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग एवं बवाल के मामले में देर रात पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही शनिवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। इधर घटना के दूसरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा रहा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गांव की सीट पिछड़े वर्ग की महिला के लिए आरक्षित थी। देर रात एक महिला ग्राम प्रधान पद की प्रत्याशी के पति रामविशाल आठ बजे बाइक से घर आ रहे थे। गांव के बाहर दूसरी महिला प्रधान पद की प्रत्याशी के समर्थक बाइक रोककर रामविशाल से वोट को लेकर कहासुनी और मारपीट करने लगे। इधर आवाज सुनकर बाइक सवार के पक्ष में दर्जनों लोग लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर लेकर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अश्विनी राय के मकान पर ईंट-पत्थर फेंकने के साथ बाहर खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया। इसी दौरान किसी के द्वारा फायरिंग करने पर दाहिने पैर में गोली लगने से घूराराम (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण गांव की सड़क पर बैठकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करने के बाद ही घायल को इलाज के लिए ले जाने की जिद पर अड़ गए। सूचना मिलते ही करीमुद्दीनपुर, मुहम्मदाबाद, बरेसर, कासिमाबाद, बिरनो सहित आस-पास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामला शांत कराने में जुट गई। मुहम्मदाबाद के सीओ राजीव द्विवेदी एवं एसपी सिटी राजधारी चौरसिया पहुंचे और लोगों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन बात नहीं बनी। कुछ देर बाद पहुंचे एसपी डा. ओपी सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने के साथ आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। रामविशाल की तहरीर पर पुलिस ने अंजनी राय, अश्विनी राय और सौरभ राय के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्जकर लिया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्जकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर आरोपी के घर के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है।