खानपुर। थाना क्षेत्र के वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग पर सिधौना बाजार में अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन गुमटियां जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पीड़ित संकट मोचन ने बताया कि रोज की तरह रात करीब 12 बजे दुकान बंद कर घर सोने के लिए चले गए। रात करीब 1:30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि गुमटी में आग लग गई है। मौके पर पहुंचे तब तक हमारी गुमटी से सटे लिट्टी चोखा की दुकान संजय सोनकर और साइकिल रिपेयर की दुकान कैलाश राम की गुमटियां भी जल रही थीं। स्थानीय पुलिस सहित अन्य लोग आग बुझाने में लगे थे। दुकान में रखे दस हजार रुपए नकद और सामान नष्ट हो गया। थानाध्यक्ष खानपुर घनानंद त्रिपाठी ने बताया कि रात्रि में आग लगने की जानकरी मिली है। पीड़ित ने तहरीर दी है। जांच की जा रही है। संवाद