जमानिया। झारखंड तस्करी के लिए पिकअप पर लादकर ले जाए जा रहे तीन पशुओं को पुलिस ने रामपुर उर्फ सलेमपुर दरौली तिराहा के पास से शुक्रवार को बरामद कर लिया। साथ ही चार अंतरराज्यीय पशु तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक राजकुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हेतिमपुर मार्ग से कुछ लोग गोवंश को एक पिकअप में लादकर वध के लिए झारखंड ले जा रहे हैं।
बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और रामपुर उर्फ सलेमपुर दरौली तिराहा के पास घेराबंदी कर पशुओं से लदी पिकअप के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि पूछताछ में तस्करों ने अपना नाम झारखंड के पलामू जनपद के चैनपुर थाना क्षेत्र के पुरना मझगांवा निवासी मुबारक अंसारी, कोशियारा निवासी दिलीप प्रसाद, संतोष प्रसाद और लिथकी निवासी धर्मदेव शर्मा बताया। कोतवाल ने बताया कि चारों तस्करों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।