कासिमाबाद। इलाके के गोधनी नदी पर कादीपुर और सूतिहार गांव के बीच में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए बनाए गए लिंक मार्ग पर पुलिया ऊंची होने से पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। पानी निकासी न होने से पचासों गांव के सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा धान की फसल पूरी तरह से डूब गई है। एक माह से पानी में डूबी फसल अब बर्बाद होने को लेकर किसानों में जबरदस्त आक्रोश है।
कासिमाबाद क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य चल रहा है। इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए शहाबुद्दीनपुर गांव के पास से कादीपुर होकर सूतिहार तक मिटटी ढुलाई के लिए लिंक मार्ग बनाया गया है। कादीपुर और सूतिहार गांव के बीच गोधनी नदी का एक्सप्रेस पर क्रॉसिंग है। एक्सप्रेस-वे से सटे लिंक मार्ग बनाया गया है, उसके लिए गोधनी नदी पर दो बड़ी पुलिया डाली गई है। पुलिया ऊंची होने से पानी का बहाव रुक रहा है। इस कारण पानी पूरे वेग से नहीं निकल पा रहा है। पानी रुकने के कारण कादीपुर, नसीरुद्दीनपुर, बनकटा, दाउदपुर, खेताबपुर, फतेहपुर, हबीबपुर, मिर्जापुर, शेखनपुर, मेख, दशवंतपुर, शाहबाजपुर, खजूरगांव, इंदौर सहित 50 से अधिक गांवों के सैकड़ों किसानों की धान की फसल सहित बाजरा, अरहर सहित सब्जियां आदि पूरी तरह से डूब गई हैं। किसानों की मानें तो लगभग एक हजार बीघे से ऊपर की फसल इस समय पानी में पूरी तरह डूबी हुई है। किसानों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल निवारण कराने की मांग किया है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी कासिमाबाद रमेश मौर्य ने बताया कि पानी लगने के कारण तत्काल कोई व्यवस्था निराकरण की नहीं दिख रही है। जैसे ही पानी कम होगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने वाली कार्यदाई संस्था इस पुलिया को तत्काल ठीक कराएगी।