जिला जेल से कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया आरोपी सुधीर पासी शनिवार को दिन के करीब 3:30 बजे पुलिस अभिरक्षा से भाग गया। उसपर कई बाइक चोरी का आरोप है।
उसके भागने की जानकारी तब हुई जब बंदियों की गिनती हुई। इसकी जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नवागत पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण मौके पर पहुंचे।
उन्होंने मामले की जानकारी लेने के बाद मातहतों को फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
मरदह थाना क्षेत्र के नोनरा गांव निवासी विजय पासी का पुत्र सुधीर पासी चोरी की छह बाइक के साथ मार्च में पकड़ा गया था और जिले जेल में निरुद्ध था।
शनिवार को अन्य मामलों के कैदियों के साथ पुलिस उसे कोर्ट में पेश करने के लिए कचहरी लाई थी। बंदियों की संख्या अधिक होने के कारण कई बंदियों को तहसील परिसर स्थित हवालात में रखा गया था।
पुलिसकर्मियों ने पेशी से पहले जब बंदियों की गिनती की तो पता चला कि सुधीर पासी नहीं है। सुधीर हवालात से भागा या हवालात ले जाते समय, यह कोई स्पष्ट नहीं बता पा रहा है।
बंदी के भागने के बाद पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। पहले तो वे इस बात की सूचना पुलिस अधिकारियों को न देकर फरार आरोपी को इधर-उधर तलाशते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चलने पर उन्होंने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
सूचना के बाद नए पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण मौके पर पहुंच गए और एसपी सिटी, सदर सीओ कमलकिशोर से घटना की जानकारी ली।
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस सिटी रेलवे स्टेशन, सभी बस स्टैंडों को खंगाला, लेकिन फरार आरोपी का कुछ पता नहीं चला।
इस संबंध में सीओ कमलकिशोर ने बताया कि फरार आरोपी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दिया गया है। सीओ नवलकिशोर ने बताया कि लापरवाही में हवालात के मोहर्रिर आशुतोष पांडेय के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।